सामान्य के साथ दिव्यांग खिलाड़ी भी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं: कुलपति आचार्य संजय सिंह
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुनर्वास विवि में 'खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात पीएम के साथ' कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को 'खेलो इंडिया संवाद: खेल की बात पीएम के साथ' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। प्रशासनिक भवन के प्रथम तल स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
खेल सिर्फ पदक नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का साधन : कुलपति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना विकसित होती है, इसलिए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल और फिटनेस को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
दिव्यांग विद्यार्थियों का पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन
कुलपति ने बताया कि डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में खेलों को लेकर तस्वीर लगातार बेहतर हो रही है। विश्वविद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थी पैरा खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीत रहे हैं। कई खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
समावेशी शिक्षा का बेहतरीन उदाहरण बना विश्वविद्यालय
कुलपति ने कहा कि सामान्य विद्यार्थियों के साथ दिव्यांग खिलाड़ी एक ही परिसर में शिक्षा हासिल कर रहे हैं और खेल के मैदान पर भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं। इससे समावेशी शिक्षा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के दम पर देश और विदेश में पहचान बना रहे हैं।
स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव : कुलपति
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने विद्यार्थियों से खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी बेहतर अवसर मिलें।
कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य लोग मौजूद
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. वीके सिंह, कुलानुशासक प्रो. आशुतोष पांडेय, क्रीड़ा एवं योग प्रकोष्ठ निदेशक प्रो. पी. राजीवनयन, हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभागाध्यक्ष प्रो. यशवंत वीरोदय, डॉ. आद्या शक्ति राय समेत कई अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
